Ramayan paath: जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में दिनांक 22 मार्च 2023 से 30 मार्च 2023 तक होने वाले चैत्र नवरात्रि व श्री राम नवमी के अवसर पर होने वाले रामायण पाठ का आयोजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम के जिला स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी को नोडल होंगे। तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी नोडल होंगे और विकास खंड स्तर पर खंड विकास अधिकारी को नोडल होंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित देवी मंदिरों की साफ-सफाई, पेयजल, सजावट की सभी व्यवस्थाएं समय से कर ली जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की जानी चाहिए। कार्यक्रमों का आयोजन बेहतर तरीके से कराया जाए। प्रत्येक दिन माँ दुर्गा के रूपों की विधि विधान के साथ पूजा पाठ तथा 29 व 30 को राम नवमी के अवसर पर रामायण पाठ का आयोजन कराया जाए।
चयनित मंदिरों पर प्रतिदिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
प्रत्येक आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, ध्वनि, प्रकाश की व्यवस्था बेहतर तरीके से कर ली जाए। प्रतिदिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देते हुए प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। मंदिरों के चयन की सूची दिनांक 21 मार्च तक अवश्य चिन्हित कर उपलब्ध करा दी जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी चन्द्र शेखर शुक्ल, अपर जिलाधिकारी भगवान शरण, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी हसनपुर, नौगांवा सादात, धनौरा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
22 मार्च से प्रारंभ होंगे नवरात्रि
हम आपको बता दें कि चैत्र मास में अमावस्या के अगले दिन प्रतिपदा से नवरात्रि प्रारंभ होते हैं। इस बार 22 मार्च से नवरात्रि प्रारंभ हो रहे हैं। योगी सरकार ने नवरात्रों में पूरे प्रदेश में देवी मंदिरों को चयनित कर रामायण पाठ का आयोजन कराने का निर्णय लिया है। इसके अलावा नवरात्रों के प्रत्येक दिन मंदिरों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित कराए जाएंगे। जिसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक जनपद में नवरात्रों में होने वाले रामायण पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां तेज हो गई हैं।
https://reportdelhi.com/2023/01/22/%e0%a4%ac%e0%a5%87%e0%a4%9f%e0%a5%80-%e0%a4%ac%e0%a4%9a%e0%a4%be%e0%a4%93-%e0%a4%ac%e0%a5%87%e0%a4%9f%e0%a5%80-%e0%a4%aa%e0%a5%9d%e0%a4%be%e0%a4%93-%e0%a4%af%e0%a5%8b%e0%a4%9c%e0%a4%a8%e0%a4%be/6