- Hindi News
- Business
- BSE NSE Sensex Today | Stock Market Latest Update: June 18, 2021 Share Market, Trade BSE, Nifty, Sensex Live News Updates
मुंबई8 महीने पहले
- कॉपी लिंक

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में तेज उतार चढ़ाव का दौर चला। बीएसई सेंसेक्स 21.12 पॉइंट (0.04%) की मजबूती के साथ 52,344 पॉइंट पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 8.05 पॉइंट (-0.05%) की गिरावट के साथ 15,683 पॉइंट पर रहा।
कारोबार के दौरान 15,450 310 तक गिरे निफ्टी में 310 पॉइंट का उतार-चढ़ाव आया। निफ्टी के 50 शेयरों में से 22 मजबूती के साथ बंद हुए। सेंसेक्स लगभग 1,000 पॉइंट ऊपर नीचे हुआ। इसके 30 में से 12 शेयर मजबूती के साथ बंद हुए।

BSE सेंसेक्स
निवेशकों का ध्यान आज बड़ी कंपनियों पर ही रहा। छोटी और मझोली कंपनियों के शेयरों वाले निफ्टी इंडेक्स की जोरदार पिटाई हुई। निफ्टी मिड कैप में 1.05% की गिरावट आई जबकि स्मॉल कैप में 0.88% की कमजोरी रही।
इनवेस्ट19 के फाउंडर और सीईओ कौशलेंद्र सिंह सेंगर के मुताबिक, दोपहर के सत्र में हुई शॉर्ट कवरिंग ने बाजार के खिलाड़ियों को राहत दी। उन्होंने कहा कि तेजी के बाजार में हेल्दी करेक्शन जरूरी होता है क्योंकि इससे बुनियादी रूप से कमजोर शेयर छंट जाते हैं। रिकवरी में कीमत तेजी दोनों तरह के शेयरों में बढ़ती है, लेकिन कमजोर शेयर में वॉल्यूम घटता चला जाता है।
FMCG शेयरों ने आज फिर शेयर बाजार को आउटपरफॉर्म किया। सेक्टर इंडेक्स में सिर्फ निफ्टी FMCG मजबूती के साथ बंद हुआ। फाइनेंशियल सेक्टर इंडेक्स में मामूली मजबूती आई। सबसे ज्यादा 1.95% की गिरावट निफ्टी एनर्जी में आई। PSU बैंक, मेटल, रियल्टी ऑटो, मीडिया और IT इंडेक्स में भी कमजोरी रही।

NSE सेक्टर इंडेक्स
निफ्टी आज मजबूती के साथ खुला था लेकिन 15,750 से ऊपर बने में नाकामयाब रहा। उसके बाद जो बिकवाली हुई, उससे कारोबारी सत्र के पहले हिस्से में 15,450 के लेवल तक गिर गया। दूसरे कारोबारी सत्र में दोनों इंडेक्स ने जबर्दस्त रिकवरी करते हुए सारा नुकसान कवर कर लिया।

NSE निफ्टी
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट और डेरिवेटिव एनालिस्ट चंदन तापड़िया के मुताबिक, शेयर बाजार में मंदी के रुझान वाला पैटर्न बना, लेकिन निचले लेवल पर जमकर खरीदारी हुई। अगर अब निफ्टी 15,600 पॉइंट से ऊपर बना रहा, तो पहले 15,800 को पार करने की कोशिश करेगा। निफ्टी वह लेवल पार करने के बाद 15,900 पॉइंट की तरफ बढ़ेगा। गिरावट में इसको पहले 15,500 पर सपोर्ट मिलेगा। इससे नीचे आने पर 15,450 की तरफ बढ़ेगा।
वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX में आज 3.22% की गिरावट आई। वोलैटिलिटी में कमी बाजार में मजबूती का रुझान बने होने का संकेत होता है। लेकिन इसमें हल्का भी उछाल बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ा देता है। तापड़िया का कहना है कि शेयर बाजार के सौदे निफ्टी के 15,400 से 16,000 के दायरे में के संकेत दे रहे हैं।
आज पिरामल एंटरप्राइजेज, सन टीवी नेटवर्क, HUL, बजाज ऑटो, मैक्डॉवेल, ग्रासिम, सिप्ला, कॉनकोर, जुबिलेंट फूड, HDFC बैंक, मैरिको, डाबर, HDFC लाइफ में मजबूती रही। महानगर गैस, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, कोल इंडिया, गेल, सेल, ONGC, वेदांता, JSW स्टील, UPL, M&M, M&M फाइनेंशियल सर्विसेज, L&T फाइनेंस, PNB और RBL बैंक में कमजोरी रही।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुझान

जापान के निक्केई इंडेक्स में 0.19% की गिरावट आई। चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.01% की मामूली कमजोरी रही। हांगकांग के हेंगसेंग में 0.87% का उछाल आया। कोरिया का कोस्पी 0.09% की बढ़त के साथ बंद हुआ। ऑस्ट्रेलिया ऑल ऑर्डनरीज में 0.31% की मजबूती आई।
अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद

गुरुवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोंस 0.62% की गिरावट के साथ 210.22 अंक नीचे 33,823.40 पर बंद हुआ था। हालांकि, नैस्डैक 0.87% की बढ़त के साथ 121.67 अंक ऊपर 14,161.30 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 1.84 पॉइंट नीचे 4,221.86 पर बंद हुआ था। इधर, फ्रांस और जर्मनी के बाजार गिरावट के साथ बंद हुए।
FII और DII डेटा
NSE पर मौजूद प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, 17 जून को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध रूप से 879.73 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे। यानी उन्होंने जितने रुपए के शेयर खरीदे थे, उससे इतने ज्यादा रुपए के शेयर बेच दिए थे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 45.24 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे।