- Hindi News
- Business
- BSE NSE Sensex Today, Stock Market Latest Update: February 19 Share Market, Trade BSE, Nifty, Sensex Live News Updates
मुंबईएक वर्ष पहले
- कॉपी लिंक

शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन गिरावट दर्ज की गई। BSE सेंसेक्स 434.93 अंकों की गिरावट के साथ 50,889.76 पर बंद हुआ है, जबकि चार दिन में यह 1,264 अंक फिसला। सेंसेक्स 15 फरवरी यानी सोमवार को 609 अंकों की बढ़त के साथ 52,154.13 पर बंद हुआ था।
LKP सिक्योरिटीज के रिसर्च हेड एस रंगनाथन ने कहा कि बाजार पर महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना मामलों का असर रहा। इसके चलते PSU इंडेक्स 5% फिसल गया, जो पिछले दो दिन में 12% चढ़ा था।
निवेशकों को सरकारी बैंकों के शेयरों ने किया खुश
बाजार में चार दिनों की मुनाफावसूली के बीच सरकारी बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी हुई। PSU बैंक इंडेक्स सबसे ज्यादा 10.7% चढ़ा है। दूसरी ओर फार्मा और ऑटो सेक्टर ने निवेशकों को निराश किया। क्योंकि दोनों इंडेक्स इस सप्ताह 3-3% से ज्यादा टूटे। सुबह सेंसेक्स 86.67 अंक नीचे 51,238.02 पर और निफ्टी भी 44.15 अंकों की गिरावट के साथ 15,074.80 पर खुला था।
HDFC सिक्योरिटीज में रिटेल रिसर्च हेड दीपक जसानी ने कहा कि लगातार बढ़त के बीच बाजार में निवेशकों ने मुनाफावसूली की। अगले हफ्ते की शुरुआत में खरीदारी लौटती है तो निफ्टी 15,030-15,060 के ऊपर रह सकता है, जबकि बिकवाली की स्थिति में इंडेक्स 14,753-14,900 तक फिसल सकता है।
शुक्रवार को बाजार में गिरावट की बड़ी वजह –
- कमजोर ग्लोबल संकेत: अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और ब्याज दरों में बढ़ोतरी के चलते एशियाई बाजारों में सुस्ती का असर रहा।
- कोरोना महामारी: BMC ने मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नई गाइडलाइन जारी किया है।
- बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में गिरावट: बजाज फाइनेंस, ICICI बैंक, HDFC के दोनों के शेयरों में गिरावट रही।
शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़ने और गिरने वाले शेयरों को नीचे दिए गए ग्राफिक से समझिए…

खास बात यह है कि जिन चार सरकारी बैंकों के निजीकरण की खबरें थीं, उनके शेयर 10-10%तक फिसले, जबकि 3 दिन तक यह लगातार 20-20% बढ़े थे। इसके अलावा SBI, PNB, कैनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयर भी 5-5% नीचे बंद हुए हैं। इसके चलते निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स सबसे ज्यादा 4.76% फिसलकर 2,464.90 अंकों पर बंद हुआ है। NSE निफ्टी इंडेक्स 137.20 अंक नीचे 14,981.75 पर बंद हुआ है।
एक्सचेंज पर 61% शेयरों में गिरावट
एक्सचेंज पर 3,131 शेयरों में कारोबार हुआ है। इसमें 1,182 शेयर बढ़त और 1,779 गिरावट के साथ बंद हुए हैं। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी घटकर 203.98 लाख करोड़ रुपए हो गया है। यह 18 फरवरी को 205.93 लाख करोड़ रुपए था। सेंसेक्स 379.14 अंकों की गिरावट के साथ 51,324.69 पर और निफ्टी 89.95 अंक नीचे 15,118.95 पर बंद हुआ था। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 903.07 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 1,217.34 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।
जनवरी में 1.2 करोड़ लोगों को मिली नौकरी
भारत में बेरोजगारी दर मापने वाला प्राइवेट थिंक टैंक CMIE ने जनवरी का डेटा जारी कर दिया है। डेटा के मुताबिक जनवरी में यह 6.5% रही, जबकि दिसंबर में 9.1% रही थी। इसी दौरान रोजगार दर बढ़कर 37.9% हो गई है, जो दिसंबर में 36.9% रही थी। डेटा के मुताबिक जनवरी में 1.2 करोड़ लोगों को नौकरी मिली है। नतीजतन, देश में रोजगार लोगों की संख्या बढ़कर 40 करोड़ हो गई है, दिसंबर में यह 38.88 करोड़ थी। रोजगार मिलने का यह आंकड़ा लॉकडाउन के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा है।
ग्लोबल मार्केट में बिकवाली
दुनियाभर के शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्केई इंडेक्स 224 अंकों की गिरावट के साथ 30,011 पर बंद हुआ है। इसी तरह हॉन्गकॉन्ग के हेंगसेंग 0.12% और ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डिनरीज 1.28% नीचे बंद हुए हैं। दूसरी ओर कोरिया के कोस्पी और चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 0.60% बढ़त के साथ बंद हुए हैं। इससे पहले गुरुवार को अमेरिका का डाओ जोंस इंडेक्स 119 अंक, नैस्डैक इंडेक्स 100 अंक और S&P 500 इंडेक्स 17 अंक नीचे बंद हुए थे। यूरोप में ब्रिटेन का FTSE इंडेक्स 1.40% नीचे बंद हुआ था।